Tag: अभियान

  • किशनगंज :छह माह के ऊपर के बच्चों को ऊपरी आहार खिलाकर कराया गया अन्नप्राशन

    • आंगनबाड़ी सेविकाओं के द्वारा पोषण के महत्व पर की गयी चर्चा
    • कोविड-19 से बचाव के लिए जारी प्रोटोकॉल का किया गया पालन

    किशनगंज /प्रतिनिधि


    कोरोनाकाल में एक ओर जहां आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन बन्द है , लेकिन लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का भरपूर प्रयास किया गया है। इस क्रम में शनिवार को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र अंतर्गत क्षेत्रों में अन्नप्राशन दिवस का आयोजन किया गया। साथ ही, केन्द्रों की सेविका ने घर-घर जाकर 6 महीने पूरे कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन करवाया। इस दौरान बच्चों को पूरक आहार के तौर पर खिचड़ी या खीर खिलाई गई। आंगनबाड़ी सेविकाओं ने 6 माह से ऊपर के बच्चों को किस तरीके से पूरक आहार का सेवन करवाना है, इसकी भी जानकारी परिजनों को दी। कोरोना की वजह से सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद हैं। इस वजह से सेविका घर-घर जाकर बच्चों को अन्नप्राशन करवा रही हैं। हर महीने की 19 तारीख को यह आयोजन करवाया जाता है। बच्चों में कुपोषण खत्म करने के लिए आईसीडीएस लगातार अपना कार्यक्रम चला रहा है। साथ ही बताया अन्नप्राशन कराने के लिए सेविका अपने से तैयार कर खिचड़ी और खीर ले जा रही हैं। सेविका गांव के चिह्नित घरों में जहां छह माह के बच्चे हैं, वहां अन्नप्राशन करवा रही हैं। साथ ही, बताया कि जिले में नवजात शिशु देखभाल सप्ताह चल रहा है। ऐसे में शिशुओं की विशेष देखभाल की जा रही है।


    स्तनपान के साथ अनुपूरक आहार की भी जरूरत :


    इस क्रम में सुशील कुमार झा जिला परियोजना सहायक पोषण अभियान ने बताया कि 6 माह पूर्ण होने के बाद शिशु को अधिक ऊर्जा की जरूरत होती है। इस दौरान उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास तेजी से होता है। इसके लिए सिर्फ स्तनपान पर्याप्त नहीं होता है। इसलिए 6 माह के बाद स्तनपान के साथ अनुपूरक आहार की भी जरूरत होती है।


    अर्द्ध ठोस आहार के बारे में दी गयी जानकारी:


    जिला पोषण अभियान के जिला प्रबंधक मंजूर आलम ने बताया कि अन्नप्राशन के दिन बच्चों को गाढ़ी दाल, अनाज, हरी पत्तेदार सब्जियां, मौसमी फल और दूध व दूध से बना उत्पाद खिलाया जाता है। तरल व पानी वाला भोजन जैसे दाल का पानी या मांड आदि न देकर उतना ही अर्द्ध ठोस आहार दिया जाता है, जितना बच्चे खा सकें। धीरे-धीरे भोजन की मात्रा, भोजन का गाढ़ापन बढ़ाये जाने की सलाह दी जाती है।


    स्वच्छता के प्रति किया जागरूक :


    अन्नप्राशन कराने घर-घर गई आंगनबाड़ी केंद्र की सेविकाओं ने लोगों को स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया। बच्चे के परिजनों को हाथ धोने के तरीके बताए। साथ ही, इस कोरोना काल में मास्क और ग्लब्स


    पहनने को लेकर भी जागरूक किया। लोगों को घर से कम निकलने की सलाह दी। साथ ही दो गज की शारीरिक दूरी बनाए रखने की भी अपील की।
    इन बातों का रखें ख्याल :

    • 6 माह बाद स्तनपान के साथ अनुपूरक आहार शिशु को दें।
    • स्तनपान के अतिरिक्त दिन में 5 से 6 बार शिशु को सुपाच्य खाना दें।
    • शिशु को मल्टिंग आहार (अंकुरित साबुत आनाज या दाल को सुखाने के बाद पीसकर) दें।
    • माल्टिंग से तैयार आहार से शिशुओं को अधिक ऊर्जा प्राप्त होती है।
    • शिशु यदि अनुपूरक आहार नहीं खाए तब भी थोड़ा-थोड़ा करके कई बार खिलाएं।
  • किशनगंज :बहादुरगंज में अतिक्रमणकारियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर

    किशनगंज /देवाशीष चटर्जी

    बहादुरगंज नगर क्षेत्र अंतर्गत मुख्य बाजार झांसी रानी चौक के आसपास की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से मंगलवार की शाम बहादुरगंज पुलिस एव अंचलाधिकारी की मौजूदगी में चलाया गया बुलडोजर।


    प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पदाधिकारी किशनगंज डॉ आदित्य प्रकाश एवम पुलिस अधीक्षक किशनगंज कुमार आशीष के दिशा निर्देश पर बहादुरगंज अंचलाधिकारी कौसर इमाम एवम थानाध्यक्ष बहादुरगंज संजय कुमार की मौजूदगी में अतिक्रमणकारियों पर प्रशाशन की ओर से बुलडोजर चलवाकर अतिक्रमण मुक्त करवाया गया।
    इस संदर्भ में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष बहादुरगंज संजय कुमार ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने एवम बहादुरगंज नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत मुख्य चौक चौराहों को जाम से मुक्त करवाने के उद्देश्य से सड़क किनारे अवैध रूप से बनाये गए दुकानों को प्रशाशन की ओर से हटाया गया।


    अंचलाधिकारी बहादुरगंज कौसर इमाम,थानाध्यक्ष बहादुरगंज संजय कुमार, नगर पंचायत के कनीय अभियंता मो वसी रेजा,मो सादान,सफाई जमादार मो अकील के नेतृत्व में बहादुरगंज थाने की पुलिस एवम नगर पंचायत के सफाई कर्मियों की संयुक्त टीम के माध्यम से हॉस्पिटल चौक, रजिस्ट्री आफिस, झांसी रानी चौक, अली हुसैन चौक, बमभोला चौक को अतिक्रमण मुक्त करवाने का कार्य किया गया।वहीं अतिक्रमित जगह को खाली करवाने के लिए प्रशाशन की ओर से जेसीबी का सहारा लेकर अतिक्रमण हटाने का कार्य किया।

    इसी दौरान अंचलाधिकारी बहादुरगंज कौसर इमाम ने सभी दुकानदारों को सख्त दिशा निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति अगर अबसे सड़क किनारे पुनः अतिक्रमण करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जायेगी।

  • किशनगंज :शहर को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए खुद निकले एसपी,फीडबैक के बाद नए नियम किए गए लागू

    किशनगंज /धर्मेन्द्र सिंह

    किशनगंज शहर को साफ सुथरा व अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों को उस समय और बल मिला जब स्वयं पुलिस कप्तान कुमार आशीष अतिक्रमण हटाओ दस्ते का नेतृत्व करते हुए शहर के बाजारों में निकल पड़े।अतिक्रमण हटाने वाले दस्ते को देखकर दुकानदार अपना सामान समेटने लगे तो एसपी ने उन्हें समझाया कि वे अपने सामान को दुकान के अंदर ही रखें और प्रशासन का सहयोग करें।

    जिला प्रशासन द्वारा चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान को लगातार सुचारू रूप से चलाया जा रहा है।वही गाँधी चौक, से होस्पिटल रोड, डे मार्किट, सब्जी मंडी से नगर परिषद क्षेत्र में यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।पुलिस कप्तान कुमार आशीष के नेतृत्व में एसडीपीओ अनवर जावेद, सदर थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार सफाई निरीक्षक संजीव कुमार उर्फ लड्डू व पुलिस कर्मी सहित नप कर्मचारी मौजूद रहे।अतिक्रमण हटाओ दस्ते के साथ नप की ट्रेक्टर ट्राली व वाहनों को उठाने के लिए क्रेन भी थी।

    आपको बताते चले कि जो वाहन चालक उलंघन करते दिखे उनपर जुर्माना भी लगाया गया।साथ ही प्रशासन की टीम ने कई मोटरसाइकिल, टोटो, कार और अन्य गाड़ियों को जप्त कर सभी गाड़ियों को उठाकर थाने ले गई।उन सभी वाहन चालकों से विधिवत जुर्माना वसूला गया।डे मार्केट चौक पर एसपी ने दुकानों के आगे सामान रखने वाले दुकानदारों को चेताया।साथ ही दुकान करने वालों को सड़क पर रखा सामान हटाने के निर्देश दिए।

    अभियान के दौरान स्वयं पुलिस कप्तान कुमार आशिष ने दुकानदारों को पास बुलाकर दुकानों के आगे सामान ना रखने की सलाह दी।श्री कुमार ने कहा कि आपका शहर सुंदर है, इसे अतिक्रमण कर बदसूरत न बनाएं।प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया है।श्री कुमार ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की मुहिम लगातार एक महीना चलेगी, जिसमें यातायात पुलिस व नप कर्मचारी संयुक्त रूप से काम करेंगे। दुकानदार अपने सामान को दुकान के अंदर रखने की आदत बना लें। एसपी ने कहा कि हम शहर को सुंदर बनाने में दुकानदारों का सहयोग चाहते है।

    एसपी से सख्त तेवर के साथ निर्देश जारी किया

    आपको बताते चलें कि जिला पुलिस कप्तान कुमार आशीष स्वयं साइबर सेनानी ग्रुप के जरिए पब्लिक फीडबैक लेकर ट्रैफिक के नए नियम बनाए हैं।14 दिसंबर से यह नियम लागू है।श्री कुमार यातायात व्यवस्था को लेकर शुक्रवार व शनिवार को सड़क पर उतर कर लोगों से अपील भी की व ट्रैफिक व्यवस्था को घंटों देखा था।पुलिस कप्तान कुमार आशिष ने कहा कि सड़क का जो भी काला हिस्सा है जिसे रोड का हिस्सा कहते हैं वह पूरी तरह से खाली रहना चाहिए।इसमें अगर किसी भी तरह का अतिक्रमण होगा तो उसे तत्काल मुक्त करा कार्रवाई की जायेगी।सड़क सुरक्षा के नियमों में नियम तोड़ने वाले को सरकारी प्रावधानों के अनुसार भारी जुर्माना देना पड़ेगा।जुर्माना नए नियम के तहत किए जाएंगे।श्री कुमार ने यह भी कहा कि वाहन जब्त करने वक्त किसी प्रकार का कोई पैरवी नहीं चलेगी।

    सुबह 8 से शाम 8 तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक

    शहरी क्षेत्र में सुबह 8 बजे से शाम के 8 बजे तक सभी प्रकार के बड़े व मालवाहक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।दुकानदार गोडाउन और बड़े व्यवसाय वाले अपने-अपने माल को शहरी क्षेत्रों में ना आने दें।निर्धारित समय पर ये सारे लोडिंग-अनलोडिंग कार्य कर लें।ट्रैफिक के लिए जो वन वे और अन्य निर्देश जारी हो, उनका पालन सुनिश्चित किये जाने के लिए नियम तोड़ने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।सोमवार से इन नियमों को कड़ाई से लागू किया गया।जिला पुलिस कप्तान ने लोगो से अपील किया कि ओवर-टेकिंग न करें।ओवरटेक के कारण दुर्घटना व जाम की समस्या होती है।नियमानुसार गाडी चलायें, बेटे-बच्चों पर विशेष ध्यान रखें।गाड़ी के पेपर्स-हेलमेट-सेफ्टी इत्यादि का पूर्ण प्रयोग करें।क्योंकि पुलिस खासकर शहरी क्षेत्रों में विशेष नजर रखेगी। इसलिए वाहन नियम के अनुसार चलाए और पार्किंग करें।

    फीडबैक के बाद नए नियम किए गए लागू

    शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए जाने को लेकर एसपी कुमार आशीष ने साइबर सेनानी ग्रुप के माध्यम से लोगों से सुझाव मांगी थी। जिसमें ज्यादातर लोगों ने एसपी की इस कार्य योजना को सराहनीय बताया।कई ने शहर में फ्लाई ओवर ब्रिज, पार्किंग स्टैंड सहित अन्य सुझाव भी दिए।फीड बैक व विशेष जानकारी ग्रुप से मिलने के बाद नए नियम लागू किए गए।

  • किशनगंज :बहादुरगंज में अतिक्रमण हटाने की कवायद शुरू,जाम की समस्या से लोगो को मिलेगा छुटकारा

    किशनगंज /देवाशीष चटर्जी


    बहादुरगंज नगर पंचायत के मुख्य चौक चौराहों की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करवाने के उद्देश्य से सोमवार की सुबह से ही बहादुरगंज पुलिस सड़कों पर उतरकर कवायद शुरू कर दिया हैं।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पदाधिकारी किशनगंज एवम पुलिस अधीक्षक किशनगंज के दिशा निर्देश पर बहादुरगंज नगर क्षेत्र में लगातार लग रहे जाम की समस्या को समाप्त करवाने एवम ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने के उद्देश्य से स्थानीय पन्द्रह बुद्धिजीवी तबके के लोगों की एक कमिटी तैयार कर नगर क्षेत्र के मुख्य चौक-चौराहों को बहादुरगंज पुलिस के द्वारा अतिक्रमण मुक्त करवाया जा रहा है।ताकि नगर के मुख्य बाजार झांसी रानी चौक, अली हुसैन चौक, एलआरपी चौक सहित अन्य मुख्य चौक चौराहों पर जाम की समस्या न उतपन्न हो।


    वहीं इसी कड़ी में सोमवार के दिन भी सर्किल इंस्पेक्टर बहादुरगंज राजेन्द्र प्रसाद एवं थानाध्यक्ष बहादुरगंज संजय कुमार की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों के द्वारा हॉस्पिटल चौक, झांसी रानी चौक, बमभोला चौक, अलीहुसैन चौक, एलआरपी चौक पर पैदल घूम-घूमकर सड़क किनारे अवैध रूप से लगाये गए दुकानदारों को अपनी अपनी दुकानों को हटाने का निर्देश दिया साथ ही साथ प्रशाशन की ओर से उन्हें नोटिश भी जारी किया गया।साथ ही साथ सर्किल इंस्पेक्टर बहादुरगंज राजेन्द्र प्रसाद ने सभी दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि अगर दुकानों को सड़क किनारे से नही हटाया गया तो पुलिस एक्ट 34 के तहत उन दुकानदारों पर विधिसम्मत कार्यवाही की जायेगी।

    वहीं थानाध्यक्ष बहादुरगंज संजय कुमार ने मुख्य बाजार झांसी रानी चौक में सड़कों पर अवैध रूप से पार्क कर रहे टेम्पो चालकों एवम स्थानीय स्टैंड किरानियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि सभी टेम्पो चालक चिन्हित स्थान पर पंक्तिबद्ध होकर मुख्य सड़क को छोड़कर वाहनों को लगाएंगे अन्यथा वाहनों को जब्त कर सरकारी नियमानुसार उनसे जुर्माना वसूला जाएगा।

    मौके पर मुख्य रूप से सर्किल इंस्पेक्टर बहादुरगंज राजेन्द्र प्रसाद, थानाध्यक्ष बहादुरगंज संजय कुमार,एएसआई श्रीराम प्रसाद,पीएसआई राहुल कुमार,अजय कुमार, लक्ष्मी कुमारी,पूनम कुमारी,एसआई डी एन हेम्ब्रम सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी एवम पन्द्रह सदस्यीय कमिटी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

  • किशनगंज : पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का जिला पदाधिकारी ने किया शुभारंभ

    किशनगंज /प्रतिनिधि

    जिला पदाधिकारी ने बच्चों को पिलाया पोलियो का ड्रॉप

    5 दिवसीय पोलियो अभियान में एएनएम, आशा व आंगनवाड़ी सेविकाओं के द्वारा पिलाई जाएगी दवा

    • 3.62 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का रखा गया है लक्ष्य
    • 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को जरूर दें “दो बूंद जिंदगी की” ख़ुराक

    नवजात शिशुओं में विकलांगता होने के प्रमुख लक्षणों में से एक हैं पोलियो, जिसको जड़ से मिटाने के करने के लिए जिले में अनुराष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की शुरुआत किशनगंज के जिला पदाधिकारी डॉ आदित्य कुमार दास के द्वारा शहर के पासवान चौक खगड़ा के शिशुओं को पोलियो ड्रॉप पिलाकर की गई. इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. श्री नंदन ने बताया कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है जो किसी व्यक्ति के शरीर को लकवाग्रस्त कर देता है.

    छोटे बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता बहुत कम होती है, इसलिए उसे इस बीमारी से संक्रमित होने का खतरा ज्यादा होता है. इसे होने से पहले ही खत्म कर देने के लिए 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही है. उन्होंने जिले के निवासियों से अपील करते हुए कहा कि आपलोग अपने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए उन्हें पोलियो की दवा पिलाकर अभियान को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाये. उद्घाटन के दौरान सिविल सर्जन डॉ श्री नंदन, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ रफत हुसैन, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ अनवर हुसैन ,यूनिसेफ के एसएमसी एजाज अफजल, डब्लूएचओ के एसएमओ डॉ.अमित कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कश्यप, बीएचएम किशोर कुमार, स्वास्थ प्रशिक्षक राजीव कुमार , बीसीएम प्रतिमा कुमारी सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.

    ज़िले में 3.62 लाख से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का रखा गया है लक्ष्य:


    जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. रफत हुसैन ने बताया की अंतर्राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के सभी एएनएम, आशा व आंगनबाड़ी सेविकाओं के द्वारा डोर टू डोर भ्रमण कर 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की “दो बूंद” दवा पिलाई जाएगी. जिले में 0 से 5 वर्ष तक के लक्षित बच्चों की संख्या 3.62 लाख है. इसके लिए घर-घर जाकर दवा पिलाने के लिए जिले में 1042 भ्रमणशील टीम बनाई गई है, जिसके द्वारा कुल 3.59 लाख घरों में भ्रमण करने के लिए 927 टीम के अलावे जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर भी दवा पिलाने के लिए जिले में 90 ट्रांजिट टीम बनाई गई है. इसके अलावे बासा, ईंट भठ्ठा व घुमंतू आबादी वाले क्षेत्रों में भी दवा की पहुंच बनाने के लिए 25 मोबाइल टीम तैयार की गई है. सभी टीम की निगरानी के लिए 315 पर्यवेक्षको की टीम भी बनाई गई हैं. तीन भ्रमणशील टीम पर एक पर्यवेक्षक बनाया गया हैं.

    बच्चों में प्रतिरोधक क्षमता कम होने से होती है पोलियो:


    डीआईओ डॉ. रफत हुसैन ने बताया कि पोलियो एक खतरनाक लकवाग्रस्त वायरस जनित रोग है. बच्चों में प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण उसे पोलियो का खतरा ज्यादा है. यह बीमारी विशेष रूप से रीढ़ के हिस्सों व मस्तिष्क को ज्यादा नुकसान पहुंचाता है. इससे बचाव के लिए लोगों को अपने बच्चों को pपोलियो की दवा जरूर पिलानी चाहिए. उन्होंने यह भी बताया कि दक्षिण-पूर्व एशिया समेत भारत को 2014 से ही पोलियो मुक्त घोषित किया गया है, लेकिन आस-पड़ोस के देश जैसे: पाकिस्तान, अफगानिस्तान आदि देश अभी भी पोलियो से ग्रसित है. वहां से आने वाले लोगों द्वारा यह भारत में भी फैल सकता है. इसलिए हमें सावधान रहने की जरूरत है जिसके लिए अभियान चलाया जा रहा है.

    कोविड: 19 के संक्रमण से बचाव का रखा जाएगा ख्याल:


    डब्लूएचओ के एसएमओ अमित कुमार ने बताया कि पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के दौरान कोविड-19 संक्रमण काल से बचाव का पूरा ध्यान रखा जाएगा. इसके लिए सभी कर्मियों द्वारा दवा पिलाने के समय सोशल डिस्टेंसिंग, चेहरे पर मास्क व हाथों में ग्लब्स पहनने के लिए दिशा – निर्देशो का पालन करने के लिए पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है. संक्रमण को ध्यान में रखते हुए नवजात शिशुओं को पोलियो का दवा पिलाने के बाद बच्चों के हाथों में किसी भी तरह का कोई निशान नहीं लगाना हैं.

  • किशनगंज :जिले में पल्स पोलियो अभियान की सफलता के लिये सभी जरूरी तैयारियां पूरी

    किशनगंज /प्रतिनिधि

    अभियान के दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल गाइडलाइन का होगा अनुपालन:


    जिले में पल्स पोलियो अभियान का दूसरा चरण 29 नवंबर से शुरू होने जा रहा है. इसकी सफलता को लेकर स्वास्थ्य विभाग जरूरी तैयारियों में जुट चुका है. ताकि अभियान के तहत शत-प्रतिशत बच्चों को टीकाकरण सफलता पूर्वक संपन्न कराया जा सके. जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ रफत हुसैन ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के तहत एक भी बच्चा नही छूटे इसके लिए विभाग द्वारा व्यापक तैयारियाँ की जा रही है। डीआईओ डॉ. रफत हुसैन ने बताया कि पोलियो एक खतरनाक लकवाग्रस्त वायरस जनित रोग है. बच्चों में प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण उसे पोलियो ग्रसित होने की संभावना ज्यादा है. यह बीमारी विशेष रूप से रीढ़ के हिस्सों व मस्तिष्क को ज्यादा नुकसान पहुँचता है. इससे बचाव के लिए लोगों को अपने बच्चों को पोलियो की दवा जरूर पिलानी चाहिए. उन्होंने बताया कि दक्षिण-पूर्व एशिया समेत भारत को 2014 से ही पोलियो मुक्त घोषित किया गया है, पर आस-पड़ोस के देश जैसे पाकिस्तान, अफगानिस्तान आदि देश अभी भी पोलियो से ग्रसित है. वहां से आने वाले लोगों द्वारा यह भारत में भी फैल सकता है. इसलिए हमें सावधान रहना जरूरी है जिसके लिए अभियान चलाया जा रहा है.

    जिले के सभी प्रखंडों में पिलाई जाएगी पोलियो की दो बूंद दवा:


    जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ रफत हुसैनने बताया टीकाकरण अभियान का संचालन जिले के सभी प्रखंडों में किया जायेगा. इसे लेकर सभी जरूरी तैयारियों की जा रही है. शहरी क्षेत्र के टीकाकरण दल को जरूरी प्रशिक्षण का कार्य संपन्न हो चुका है. जिले के सभी प्रखंडों में वर्क टीम का प्रशिक्षण देने का कार्य पूर्ण किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान हर दिन वर्किंग टीम द्वारा सभी पीएचसी में अपना रिपोर्ट उपलब्ध करायेंगे. पीएचसी के माध्यम से रिपोर्ट जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराया जायेगा.

    कुल 3 लाख 62 हजार बच्चों के टीकाकरण है लक्ष्य:


    पल्स पोलियो अभियान के दौरान जिले के करीब 3 लाख 62 हजार बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके लिए घर-घर जाकर दवा पिलाने के लिए जिले में 1059 टीम बनाई गई हैं, जिसके द्वारा कुल 3.62 लाख घरों में भ्रमण किया जाएगा, जिसके लिए कुल 927 हाउस टू हाउस टीम लगाई गई है, चौक-चौराहों पर भी दवा पिलाने के लिए जिले में 90 ट्रांजिट टीम बनाई गई है. इसके अलावा बासा, ईंट भट्ठों व घुमंतू आबादी वाले क्षेत्रों में भी दवा की पहुंच बनाने के लिए 25 मोबाइल टीम तैयार की गई है. सभी टीम की निगरानी के लिए 315 सुपरवाइजर भी तैयार किए गए हैं. एक सुपरवाइजर द्वारा 3 टीम का निरीक्षण किया जाएगा.

    आशा व सेविका घर-घर जाकर बच्चों को पिलायेगी दवा:


    टीकाकरण अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को लगाया गया है. जो अपने पोषक क्षेत्र में घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाने का काम करेगी. इतना ही नहीं दवा पिलाने के बाद बच्चों का नाम, बच्चे के माता-पिता का नाम, गृह संख्या सहित अन्य जानकारियां निर्धारित फार्मेट में भरकर विभाग को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी उनके ऊपर सौंपी गयी है. पूरे दिन टीकाकरण से संबंधित रिपोर्ट शाम में संबंधित पीएचसी में जमा कराया जायेगा.

    बस व रेलवे स्टेशन पर टीकाकर्मी रहेंगे तैनात:


    यूनिसेफ के एसएमसी ने बताया कि अभियान के दौरान पांच साल तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य है. कोई बच्चा इससे वंचित नहीं रहे इसके लिये जरूरी तैयारियां की गयी है. अधिक से अधिक बच्चों को इस अभियान से जोड़ने के लिये शहर व गांव के व्यस्त चौक-चौराहे, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित भीड़-भाड़ वाले अन्य जगहों पर टीकाकरण दल की प्रतिनियुक्ति की गयी है. जो बाहर से आने-जाने वाले बच्चों को दवा पिलाने का काम करेंगे. दवा पिलाने के बाद बच्चों के हाथों पर खास निशान लगाया जायेगा. ताकि एक बार दवा पिलाने के बाद किसी बच्चे को दोबारा दवा नहीं पिलायी जा सके.

    अभियान के दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल गाइडलाइन का होगा अनुपालन:
    डब्लूएचओ के एसएमओ अमित कुमार ने बताया कि पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के दौरान कोविड संक्रमण से बचाव का पूरा ध्यान रखा जाएगा. कर्मियों द्वारा दवा पिलाने के समय सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा. संक्रमण को ध्यान में रखते हुए बच्चों को ड्रॉप पिलाने के बाद हाथ में मार्कर से किसी तरह का निशान नहीं लगाया जाएगा. स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी तरह से मास्क व ग्लव्स का उपयोग करने के लिए निर्देशित किया गया है.
    संक्रमण से बचाव के लिये इन बातों का रखें ध्यान:

    • थोड़े-थोड़े समय बाद अपने हाथों की सफाई करें.
      हाथों की सफाई के लिये साबुन व एल्कोहल युक्त सैनिटाइजर का प्रयोग करें.
      भीड़-भाड़ वाले जगहों से परहेज जरूरी है
      नियमित रूप से मास्क का सेवन संक्रमण से बचाव के लिहाज से महतत्वपूर्ण
      अनावश्यक रूप से नाक कान, मूंह को छूने से बचें
      सार्वजनिक जगहों पर थूकने से परहेज करें.
  • कटिहार :सिंघम के बाद मास्क मेन बने कटिहार के ज़िलाधिकारी कँवल तनुज ।मास्क नही पहनने वालो को किया फाइन । लोगो से किया मास्क पहनने की अपील

    कटिहार/रितेश रंजन

    कटिहार में कोरोना के कहर के बीच अब “मास्क मैन”बन कर सामने आये कटिहार के जिला अधिकारी कंवल तनुज, बताते चलें लगातार कटिहार में कोरोना के संक्रमण फैलने की चर्चा के बीच शहर के आम और खास काफी चिंता में है। इस बीच बाजार को बंद रखकर रखने की प्रस्ताव भी चैम्बर ऑफ कॉमर्स के तरफ से दिया गया था ।

    लेकिन दूसरी तरफ इस दौर में भी कुछ लोग अब भी मास्क के इस्तेमाल नही कर रहे हैं। जिसे लेकर आज पूरे जिले के साथ-साथ कटिहार शहर में जिलाधिकारी और आरक्षी अधीक्षक ने खुद से मास्क चेकिंग का कमान संभाला। इस दौरान शहर के मंगल बाजार इलाके में लग-भग दो दर्जन दुकानों में दुकानदार द्वारा मास्क का इस्तेमाल नहीं करने पर एक दर्ज़नो दुकानों को तीन दिनों के लिए सील कर दिया गया है। जिलाधिकारी के साथ जिला प्रशासन के तमाम अमला भी इस अभियान के दौरान मौजूद रहे।वही इस अभियान के चर्चा पूरे जिला में जोरो पर है।

  • भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बैठक कर समस्याओं के निदान का दिया आश्वासन

    किशनगंज/बहादुरगंज/देवाशीष चटर्जी


    हर घर भाजपा अभियान के तर्ज पर बुधवार के दिन बहादुरगंज नगर क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 15 हरिजन टोला में नगर भाजयुमो अध्यक्ष विशाल सिन्हा की अध्यक्षता में एक सामूहिक बैठक की गई।

    बैठक के दौरान भाजयुमो नगर अध्यक्ष विशाल सिन्हा एवम जिला मंत्री कुमार अमित ने आमजनो की समस्या से अवगत हुए एवम आश्वाशन देते हुए कहा कि जल्द ही आमजनों की समस्याओं का निदान किया जायेगा।

    बैठक के दौरान मुख्य रूप से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रमुखता से आमजनो के साथ चर्चा की गई एवम संगठन के विस्तार से सम्बंधित मामलों पर भी चर्चा की गई।

    नगर महामंत्री गौतम साह ने आमजनो को भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास के कार्यों की जानकारी आमजनो को दी एवम कहा कि प्रत्येक वार्ड से कुछ युवा लड़कों का चयन किया जायगा जिससे कि भारतीय जनता पार्टी को बहुत ही ज्यादा बल मिलेगी।बैठक में मुख्य रूप से नगर उपाध्यक्ष रूपेश साह, कार्यकर्ता धीरज कुमार,मो आजम,आदर्श कुमार,अनिकेत,गौरव चौधरी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

  • सेना ने 2 आतंकियों को किया ढेर 1 जवान भी शहीद

    देश/डेस्क

    जम्मू कश्मीर में सेना और पुलिस के द्वारा लगातार आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है ।मंगलवार को सुबह एक ऑपरेशन में सेना ने 2 आतंकियों को मार गिराया है ।

    ब्रिगेडियर अजय कटोच ने पूरे ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस से आतंकवादियों के बंदज़ू में छूपे होने की सूचना मिली जिसके बाद 
    घेराबंदी की गई। 5:45पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया,जैसे ही सर्च टीम पहले घर की तरफ बढ़ी आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दिया।इसमें CRPF कांस्टेबल शहीद हो गए वहीं जवाबी कार्रवाई में 2आतंकवादी मारे गए ।

  • चीन को आर्थिक मोर्चे पर सबक सिखाने के लिए भारत ने कसी कमर

    राजेश दुबे

    चीन को आर्थिक मोर्चे पर सबक सिखाने के लिए केंद्र ने अलग अलग मंत्रालयों को आदेश जारी किया है ।जिसके बाद ऐसे 250 सामानों की सूची तैयार की गई है जिनका आयात चीन से होता है । जानकारी के मुताबिक इस सूची में घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ साथ खिलौने सहित अन्य उत्पाद है ।

    मालूम हो कि 20 सैनिकों के शहादत के बाद चीन के खिलाफ देश भर में जगह जगह चीनी उत्पाद की होली जलाई जा रही है और विरोध प्रदर्शन जारी है ।जिसके बाद केंद्र सरकार ने भी अहम फैसला लिया है ।वहीं महाराष्ट्र सरकार ने 5000 करोड़ के तीन प्रोजेक्ट जिनका टेंडर चीनी कंपनियों को मिला था उसपर तत्काल रोक लगा दिया है साथ ही बीएसएनएल सहित अन्य सरकारी कंपनियों में भी चीनी उपकरण के उपयोग पर अब रोक लगाने के लिए सरकार ने कमर कस लिया है ।

    केंद्र के साथ साथ कई राज्य सरकारों ने भी चीन से आयातित वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाने की राह पर चल चुकी है ताकि चीन को आर्थिक मोर्चे पर सबक सिखाया जा सके