किशनगंज : आयोग द्वारा जारी गाईड लाइन के आधार पर मतदान संपन्न कराने को लेकर की गयी है सारी तैयारियां: सीएस

किशनगंज /संवादाता

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!


सभी बूथों पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमण के खतरों से बचाव को लेकर मुस्तैद रहने का है आदेश
बूथ वार उपलब्ध कराया गया कोविड प्रोटेक्शन कीट, संक्रमितों मरीजों को भी मतदान प्रक्रिया में शामिल करने का होगा इंतजाम


विधानसभा चुनाव में कोरोना संक्रमण के खतरों से निपटने के लिये आयोग द्वारा जारी गाइडलाइन के आधार पर हर जरूरी तैयारी की गयी है. सभी बूथों पर स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. पर्याप्त मात्रा में सैनिटाइजर के इंतजाम किये गये हैं. सभी बूथ, ईवीएम डिस्पैच सेंटर व मतगणना को लेकर बनाये गये वज्रगृह ही नहीं चुनाव को लेकर जिला प्रशासन द्वारा बनाये गये सभी कोषोंगों को नियमित रूप सैनिटाइज किया जा रहा है. कोई भी मतदाता बिना मास्क लगाये मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं कर सकेंगे. जहां बूथों के आगे ही उनके हाथों को सैनिटाइज किया जायेगा. साथ ही मतदान के लिये उन्हें एक ग्लव्स प्रदान किया जायेगा. इस्तेमाल के बाद उनके निस्तारण को लेकर बूथ वार उचित इंतजाम किये गये हैं.


सभी बूथों पर उपलब्ध कराया गया है कोविड प्रोटेक्शन कीट


जिले के सभी 4 विधानसभा सीटों पर होने वाले मतदान के लिये कुल 1668 मतदान केंद्र बनाये गये हैं. सिविल सर्जन डॉ श्री नंदन ने बताया कि इन सभी बूथों पर खासतौर पर तैयार किया गया कोविड प्रोटेक्शन कीट उपलब्ध कराया गया है. एक कीट में बूथवार तैनात सभी मतदान कर्मियों के लिये पीपीई कीट, मास्क, ग्लव्स व सैनिटाइजर शामिल किये गये हैं. इसके अलावा वोट डालने के लिये आने वाले वोटरों को एक ग्लव्स प्रदान किया जायेगा. ताकि ईवीएम मशीन के जरिये संक्रमण के प्रशार की किसी भी संभावना को नकारा जा सके.


थर्मल स्क्रीनिंग व हाथों को सैनिटाइज करने के बाद मिलेगा बूथों पर प्रवेश


चुनाव संबंधी तैयारियों का हवाला देते हुए डीपीएम स्वास्थ्य डॉ मुनाज़िम ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों को मतदान को लेकर विशेश प्रशिक्षण दिया गया है. संबंधित क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं को थर्मल स्क्रीनिंग मशीन के साथ बूथों पर तैनात किया जायेगा. मतदाताओं के हाथों को सैनिटाइज व ग्लव्स उनके माध्यम से प्रदान किया जायेगा. इसके अलावा बिना थर्मल स्क्रीनिंग के किसी को भी मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश वर्जित होगा.


सभी बूथों पर होगा कचरा प्रबंधन का उचित इंतजाम
मतदान के बाद बड़ी संख्या में उपयोग में लाये गये मास्क के निस्तारण को लेकर सभी बूथों पर उचित प्रबंध किये गये हैं. इसके लिये सभी मतदान केंद्र के सौ मीटर दायरे के अंदर सौ लीटर क्षमता वाले तीन बिन रखें होंगे. उपयोग में लाये गये मास्क को इसमें जमा किया जाना है. इसके बाद इसके निस्तारण के लिये संबंधित पीएचसी लाया जायेगा. बाद में इसे सैलरजी बायोगैस मैनेजमेंट द्वारा बंद वाहनों में भागलपुर ले जाया जायेगा.


संक्रमित मरीजों को भी मतदान प्रक्रिया में शामिल करने का है इंतजाम


चुनाव से ठीक एक दिन आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आदित्य कुमार दास ने कहा कि मतदान की प्रक्रिया में कोरोना संक्रमित मरीजों को शामिल करने के लिये विशेष इंतजाम किये गये हैं. इसके लिये क्षेत्रवार संक्रमित मरीजों की पहचान कर ली गयी है. मतदान के आखिरी घंटों में उन्हें मतदान प्रक्रिया में शामिल किया जाना है. इसके लिये सुरक्षा के विशेष मानकों का अनुपालन किया जायेगा. संक्रमित मरीजों को पीपीई कीट पहना कर एंबुलेंस के माध्यम मतदान केंद्रों पर लाया जायेगा. मतदान के बाद फिर उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से उनके घर तक छोड़ने का इंतजाम किया गया है.