देश/एजेंसी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आतिथ्य उद्योग की मांगों को पूरा करने वाली एक महत्वपूर्ण घोषणा के साथ, दिल्ली के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीटी) के उपराज्यपाल ने दिल्ली में होटलों और रेस्टोरेंटों की सुविधा को खोलने की अनुमति दे दी है। यह राजधानी शहर में पर्यटन और आतिथ्य गतिविधियों को फिर से प्रारंभ करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने होटल और रेस्टोरेंट के संचालन शुरू करने की अनुमति के लिए दिल्ली में आतिथ्य उद्योग की मांगों को स्वीकार करने के लिए एनसीटी के उप-राज्यपाल के साथ विचार-विर्मश किया। इससे पूर्व, उन्होंने इस मामले पर गृह मंत्रालय के साथ भी चर्चा की थी।
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रह्लाद सिंह पटेल पर्यटन अर्थव्यवस्था को फिर से प्रारंभ करने के समाधान और विशेष रूप से घरेलू पर्यटन के माध्यम से इस दिशा में आगे बढ़ने की मांग को देखते हुए पर्यटन और आतिथ्य उद्योग के हितधारकों के प्रतिनिधियों के साथ निरंतर वार्तालाप कर रहे हैं। पिछले सप्ताह के दौरान, उन्होंने पर्यटन उद्योग के विभिन्न क्षेत्रों के साथ उनकी समस्य़ाओं को जानने और इसके समाधान के लिए बैठकों की एक श्रृंखला का आयोजन किया। पर्यटन उद्योग की चिंताओं को दूर करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम रहा है।
दिल्ली में होटलों और रेस्टोरेंट खोलने के इस महत्वपूर्ण निर्णय का स्वागत करते हुए, श्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने गृह मंत्री और दिल्ली के उपराज्यपाल को धन्यवाद देते हुए कहा कि देश की राजधानी में पर्यटन उद्योग के दो सबसे बड़े घटकों होटल और रेस्तरां को खोलना एक सकारात्मक कदम है जो न सिर्फ घरेलू यात्रा में वृद्धि में सहायक होगा बल्कि इस उद्योग को काफी राहत देगा जो स्वयं सभी स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन कर रहा है।
गृह मंत्रालय ने पर्यटन क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट और आतिथ्य सेवाओं को 8 जून 2020 से चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की अनुमति दे दी है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने होटल, रेस्टोरेंट और अन्य आवासीय ईकाइयों के संचालन के लिए एसोपी/ प्रोटोकॉल जारी किए थे और बाद में पर्यटन मंत्रालय ने भी देश में होटल, रेस्टोरेंट और अन्य आवासीय ईकाइयों के लिए परिचालन दिशा-निर्देशों दिये थे।